अंडर-19 एशिया कप 2026 के शनिवार को खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराया। जीत के बाद मूल रूप से मैनपुरी के गांव नगला जुला के रहने वाले भारतीय टीम के खिलाड़ी मनल चौहान के घर पर खुशियां मनाई गईं। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 338 रनों का विशालकाय लक्ष्य रखा था। मनल चौहान और मोहित उल्वा की जोड़ी ने नौवें विकेट के लिए 57 रन जोड़े। मगर, जब भारत को 30 रनों की जरूरत थी तब मनल आउट हो गए, फिर मोहित ने चिगुरूपति वेंकटा के साथ आखिरी विकेट के लिए नाबाद 30 रन जोड़कर भारत को यादगार जीत दिलाई। जीत के साथ मनल के गांव नगला जुला में खुशियां छा गई। परिवार, रिश्तेदारों और गांव के लोगों ने आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां मनाई। मनल के पिता सुदीप चौहान औडेन्य पड़रिया मौजा के वर्तमान प्रधान हैं।