सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग क्षेत्र के गेडहवां गांव के पास सोमवार को टेल फाल नहर में मछली पकड़ने गया युवक लापता हो गया। परिजनों और साथियों के अनुसार, युवक पर घड़ियाल ने हमला कर उसे गहरे पानी में खींच लिया। लापता युवक की पहचान गेडहवां निवासी छांगुर उर्फ छबिलाल (36) के रूप में हुई है। वह अपने भाई झन्नु और अन्य लोगों के साथ नाव से मछली पकड़ रहा था। घटना की सूचना पर वन विभाग, पुलिस, एसएसबी और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन देर तक कोई सुराग नहीं मिला। वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने बताया कि तलाश जारी है। शव मिलने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट होगी।