रक्षाबंधन पर महिलाओं को मिला सफर का तोहफा, सिद्धार्थनगर में योजना का शुभारंभ - 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को अब रोडवेज बसों में स्थायी निशुल्क यात्रा - 27 से 29 अगस्त तक सभी महिलाओं को एक सहयात्री सहित मुफ्त सफर संवाद न्यूज एजेंसी सिद्धार्थनगर। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार की लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ बुधवार को सिद्धार्थनगर के लोहिया कला भवन में हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ से योजना की शुरुआत की, जिसका लाइव प्रसारण जिले में आयोजित कार्यक्रम में देखा गया। मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद, जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह मौजूद रहे। डॉ. संजय निषाद ने कहा कि यह योजना मातृशक्ति के सम्मान का प्रतीक है। अब उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं परिवहन निगम की बसों में पूरे प्रदेश में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में 27 से 29 अगस्त तक प्रदेश की सभी माताओं-बहनों को एक सहयात्री के साथ मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी गई है। जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार ने आवास, शौचालय, बिजली, राशन जैसी योजनाओं के माध्यम से आधी आबादी का सम्मान बढ़ाया है। वहीं जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने महिलाओं से अपील की कि वे आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र दिखाकर रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा का लाभ उठाएं। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने महिलाओं को वस्त्र और मिठाई भेंट कर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि एस.पी. अग्रवाल, उप कृषि निदेशक राजेश कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी साहब यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।