लखीमपुर खीरी में अमर उजाला फाउंडेशन के 'दोस्त पुलिस' कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी बबिता पटेल ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कोई भी अनजान व्यक्ति परेशान करे तो बेझिझक पुलिस को अपनी बात बताएं, पुलिस मदद करेगी और शिकायतकर्ता का नाम गोपनीय रखा जाएगा। शनिवार को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज की बीस से अधिक छात्राएं महिला थाने पहुंचें और कामकाज की जानकारी ली। बबिता पटेल ने कहा कि पुलिस हर समय छात्राओं के साथ है। किसी भी मुसीबत में पुलिस और परिजनों को जानकारी देना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से छेड़छाड़, पीछा करने या सोशल मीडिया पर परेशान होने जैसी समस्याओं पर चुप न रहने को कहा। तत्काल पुलिस को सूचना दें या महिला हेल्प डेस्क पर शिकायत करें। 1090 या 112 पर कॉल करने पर पुलिस कुछ ही मिनटों में मदद के लिए पहुंच जाएगी।