लखीमपुर खीरी। परिषदीय विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार करने वाली रसोइयों की पाक कला परखने के लिए बुधवार को जनपद स्तरीय पाक कला प्रतियोगिता आयोजित की गई। उच्च प्राथमिक विद्यालय महराजनगर (रिसोर्स सेंटर) में हुई प्रतियोगिता में जिले के सभी ब्लॉकों से दो-दो रसोइयों ने प्रतिभाग किया। इसमें बांकेगंज ब्लॉक की रसोइया ने पहला स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान रसोइयों को मौके पर ही मेन्यू और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई। इसके बाद उन्होंने निर्धारित मेन्यू के अनुसार विभिन्न व्यंजन तैयार किए। निर्णायक मंडल ने स्वाद, गुणवत्ता और पाक कला के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। इसमें मितौली ब्लॉक की रसोइया दूसरे और फूलबेहड़ ब्लॉक की रसोइया तीसरे स्थान पर रहीं। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली रसोइया को 3500 रुपये, द्वितीय स्थान वाली को 2500 रुपये और तृतीय स्थान वाली को 1500 रुपये पुरस्कार स्वरूप दिए जाएंगे। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार राशि और आने-जाने का यात्रा भत्ता भी दिया जाएगा। सभी के खाते में धनराशि भेजी जाएगी। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा, जीजीआईसी की प्रधानाचार्य शालिनी दुबे, मीनाक्षी रानी, आर्य कन्या इंटर कॉलेज की सरिता देवी वर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभिषेक कुमार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अंशिका गुप्ता, बीएसए प्रवीण कुमार तिवारी, वित्त एवं लेखाधिकारी संजय सरकार, खंड शिक्षा अधिकारी अमन गुप्ता, मंडलीय समन्वयक एमडीएम निधि शर्मा, जिला समन्वयक एमडीएम ऋतुराज सिंह और आशीर्वाद होटल के चीफ कुक समीर मौजूद रहे।