लखीमपुर खीरी में बेटी दिवस के मौके पर शहर के शहीद नसीरुद्दीन मेमोरियल मैदान में सम्मान समारोह का आयोजन किया जा रहा है। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाने वाली नौ बेटियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही बेटियों के सम्मान में देश के नामचीन कवियों और कवयित्रियों का महाकुंभ भी सजेगा।
कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजक एवं समाजसेवी मोहन बाजपेई ने प्रेस वार्ता में बताया कि समारोह में शहर के व्यापारी और समाजसेवी व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम पूरी तरह निशुल्क रहेगा, जिससे आम लोग भी इसमें शामिल होकर कवि सम्मेलन का आनंद ले सकेंगे।
उन्होंने बताया कि बेटियों के सम्मान के लिए नौ कवयित्रियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इनका भी सम्मान किया जाएगा। इसके अलावा 14 कवि अपनी रचनाओं और काव्यपाठ से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों की उपलब्धियों को सम्मान देने के साथ ही समाज में उनके प्रति सकारात्मक संदेश देना है।