पतारा कस्बे में जल निकासी के नाम पर कराई गई नाला सफाई पूरी तरह बेअसर साबित हुई है। हालिया बारिश के बाद सफाई के तमाम प्रशासनिक प्रयास विफल हो गए। पतारा पुलिस चौकी और उससे सटे कंपोजिट विद्यालय परिसर में नालों व तालाबों का बदबूदार गंदा पानी भर जाने से हालात बेहद विकट हो गए हैं। दोनों परिसरों में घुटनों तक भरे दूषित पानी के बीच जहरीले कीड़े रेंगने से पुलिसकर्मियों और आने जाने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। और स्कूली बच्चों में को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। खंड शिक्षा अधिकारी सत्यप्रकाश का कहना है कि नाले की जलकुंभी सफाई न होने से बारिश का पानी ओवरफ्लो होकर चौकी और स्कूल में घुस गया। पुलिस चौकी के कमरों में बदबूदार गंदा पानी भरने से सरकारी अभिलेखों और वायरलेस सेटों को बचाना भारी पड़ गया। पानी के साथ सांप और बिच्छू परिसर में घूमते नजर आए, जिससे जवान दहशत के साए में ड्यूटी करने को मजबूर हैं। वहीं कंपोजिट विद्यालय में जलजमाव के चलते कक्षाओं तक पहुंचना दूभर हो गया, जिससे संक्रामक बीमारियां फैलने की आशंका गहरा गई है। तहसीलदार ओम प्रकाश ने बताया कि बीडीओ शिव नरेश को जलभराव खत्म करने के आदेश दिए गए हैं। आगे जलभराव न हो इसके लिए भी निर्देशित किया गया है।