पुरवा कोतवाली और गंगाघाट पुलिस ने ठगी के तीन शातिर आरोपियों के न्यायालय में हाजिर न होने पर सोमवार को उनके साकेतपुरी, नेहरू नगर और भातू फार्म स्थित घरों के बाहर मुनादी कराई। पुरवा पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों ने सचिवालय में आरओ पद की नौकरी दिलाने के नाम पर 30-30 लाख रुपये की ठगी की है और एक साल से फरार हैं। प्रभारी निरीक्षक भुवन सिंह मौर्य ने बताया कि 2025 में बेगमगंज पुरवा निवासी राजेश की तहरीर पर गंगाघाट के साकेतपुरी निवासी सुनील कुमार तिवारी, नेहरू नगर निवासी शशांक और भातू फार्म निवासी सोनू मिश्रा के खिलाफ सचिवालय में नौकरी दिलाने के नाम पर 30-30 लाख रुपये की ठगी करने की रिपोर्ट कराई गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से तीनों फरार हैं। आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए पुरवा कोतवाली के अपराध निरीक्षक रामप्रकाश को गंगाघाट भेजा गया। गंगाघाट पुलिस की मदद से डुगडुगी पिटवाते हुए न्यायालय में हाजिर न होने की उद्घोषणा कराई गई। मोहल्ले के लोगों से आरोपियों के बारे में जानकारी देने की बात कही। इंस्पेक्टर रामप्रकाश ने बताया कि मास्टरमाइंड सुनील तिवारी के खिलाफ साल 2023 में अजगैन कोतवाली में भी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी करने की रिपोर्ट दर्ज है। यहां से भी वह वांछित है।