राजधानी मार्ग पर पोनी रोड तिराहे से धोबिन पुलिया तक सड़क के दोनों ओर साइकिल ट्रैक पर अतिक्रमण करने वालों को शुक्रवार को पालिका ईओ ने टीम के साथ हटवाया। पैदल निरीक्षण कर ठेला व दुकान आदि लगाने वालों को साइकिल ट्रैक के अंदर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान दो सप्ताह तक चलेगा। नियम न मानने वालों से पालिका सख्ती से निपटेगी और कड़ी कार्रवाई करेगी। पालिका ईओ राजेश कुमार ने बताया कि नवरात्र पर्व चल रहा है, अन्य त्योहार नजदीक हैं। राजधानी मार्ग के दोनों ओर सड़क पर लोगों ने अतिक्रमण कर रखा है। साइकिल ट्रैक पर भी लोगों ने ठेला व अन्य दुकानें लगा रखी हैं। ऐसे में लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही। इसके देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा। शुक्रवार को उन्होंने पैदल निरीक्षण करते हुए सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत साइकिल ट्रैक की बाउंड्री के बाहर अतिक्रमण करने वाले सब्जी विक्रेता, दुकानदार समेत अन्य को हटवाया। साथ ही हिदायत दी कि आगे से ऐसा न करें, यदि कोई बार-बार नियत तोड़ता है तो ऐसे लोगों से पालिका सख्ती से निपटेगी और जुर्माना लगाएगी। ईओ ने बताया कि इसके लिए तीन-तीन सदस्यीय दो टीमें बनाई जा रही है जो दो सप्ताह तक अभियान के अंतर्गत अतिक्रमण करने वालों को हटाएंगी। टीम प्रत्येक दिन की रिपोर्ट उन्हें सौपेंगी। नियम न मानने वालों की सामग्री भी पालिका जब्त करेगी। निरीक्षण के दौरान जेई घनश्याम मौर्य, स्वच्छ भारत मिशन के नगरीय प्रभारी अनूप शुक्ला व प्रेम गुप्ता आदि मौजूद रहे।