गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के बालू घाट चौकी अंतर्गत इंदिरा नगर मोहल्ले में सोमवार रात पत्नी के मायके जाने से क्षुब्ध 35 वर्षीय युवक जियो मोबाइल टावर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतारा। बाद में माफी मांगने पर हिदायत देकर छोड़ दिया गया। बालू घाट चौकी प्रभारी अरुण त्रिपाठी ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे मोहल्ला निवासी शंकर अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। वह पत्नी के मायके जाने की बात को लेकर जोर-जोर से चिल्लाने लगा। आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। किसी ने इसकी सूचना युवक के पिता जगदीश और अन्य परिजन को दी। जगदीश ने बताया कि वह सेवानिवृत्त होमगार्ड हैं और राजधानी मार्ग स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान में गार्ड की नौकरी करते हैं। उनका बेटा कुछ दिनों से किसी बात को लेकर परेशान चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी समझाने के बाद युवक को नीचे उतारा। इसके बाद उसने पुलिस से माफी मांगी। पुलिस ने उसे हिदायत देकर छोड़ दिया। रात 12 बजे तक मोहल्ले में यह घटनाक्रम चलता रहा। बताया गया कि सोमवार दोपहर दो बजे भी युवक ने टावर पर चढ़ने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय उसे नीचे उतार लिया गया था।