कई दिन की बारिश के बाद रविवार को मौसम खुला और धूप निकली। इसी के साथ सरैया आरओबी पर निर्माण कार्य ने रफ्तार पकड़ी। रविवार को दिन व रात काम कराया गया। अंतिम चरण में स्ट्रीट लाइट के लिए पोल लगाने का कार्य कराया जा रहा है। वहीं, रेलवे के हिस्से का कार्य अभी बाकी है। एक-दो दिन में यह काम कराने की बात कही जा रही है। उम्मीद है कि सरैया आरओबी अगले सप्ताह यातायात के लिए चालू किया जाएगा। जबकि पहले एक नवंबर से चालू करने की बात कही गई थी, लेकिन मौसम खराब होने से काम पूरा न होने से तिथि आगे की लिए बढ़ा दी गई है। सरैया आरओबी पर स्ट्रीट लाइट के लिए 52 पोल दोनों छोर पर लगाया जाना है। रविवार को 40 से अधिक पोल लगाए जा चुके है। काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि सोमवार सुबह तक पोल लगाने का कार्य खत्म कर लिया जाएगा। वहीं रेलवे के हिस्से का कार्य शेष जिसमें ओवरब्रिज के फुटपाथ से सरैया रेलवे क्रॉसिंग के निकट उतरने के लिए सीढि़यां बनाने का कार्य बाकी है, जिसके लिए निर्माण कार्य जारी है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले दो दिनों में यह कार्य भी पूरा हो जाएगा। इसके बाद आरओबी पर यातायात चालू करने का रास्ता तकरीबन साफ हो जाएगा।