60 व्यापारियों के लाइसेंस निलंबित होने पर भारतीय कृषि उत्पाद उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के बैनर तले व्यापारियों ने नौबस्ता गल्ला मंडी में प्रदर्शन किया। मंगलवार से अनिश्चितकालीन बंदी के ऐलान के बाद और मंडी निदेशक तक मामला पहुंचने के बाद अफसर बैकफुट पर आ गए। सभी व्यापारियों के निलंबित लाइसेंस बहाल कर दिए गए हैं। इसके बाद अनिश्चितकालीन बंदी को वापस ले लिया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि व्यापारियों के दुकानों के आगे सुरक्षा के लिए बनाए गए टिनशेड और चबूतरों को अतिक्रमण बताकर 24 घंटे में हटाने के नोटिस तथा लाइसेंस निलंबित करने की चेतावनी के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया था। मंडी प्रशासन को कोई भी निर्णय लेने से पहले व्यापारियों और उनके प्रतिनिधि संगठनों के साथ बैठक करनी चाहिए। उन्होंने 24 घंटे का नोटिस देकर लाइसेंस निरस्त करने और एफआईआर की चेतावनी को अनुचित बताया। प्रतिनिधिमंडल ने मंडलीय उपनिदेशक प्रशासन संजय सिंह को ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि व्यापारियों की समस्याओं को सुना जाए और निष्पक्ष समीक्षा के बिना कोई कार्रवाई न हो। उन्होंने यह भी मांग कि वास्तविक अतिक्रमण पाए जाने पर सुनवाई का अवसर और पर्याप्त समय दिया जाए। निलंबित लाइसेंसों के विरोध में मंगलवार से मंडी बंद करने की घोषणा के बाद मंडलीय उपनिदेशक प्रशासन संजय सिंह ने मंडी सचिव सहित अपने कार्यालय में प्रतिनिधिमंडल को बुलाया। बैठक के बाद सभी 60 व्यापारियों और दाल मिल वालों के निलंबित लाइसेंस बहाल करने के आदेश दिए गए। संगठन के पदाधिकारियों ने अनिश्चितकालीन बंद वापस लेने की घोषणा की। बुधवार को मंडी समिति के अधिकारियों के साथ बैठक होगी। इस मौके पर राजेंद्र मिश्र, सत्यप्रकाश गुप्ता, रजत गुप्ता,मनोज द्विवेदी, संदीप तिवारी, आशू गुप्ता, आनंद मिश्रा, भरत साहू, गोपाल वर्मा, आशीष तोमर, कुशाग्र जायसवाल, किशोर अरोड़ा, राजन ओमर, कार्तिकेय गुप्ता, शिवकुमार साहू, मोनू गुप्ता, सोनू गुप्ता, अनिल गुप्ता, अंकित गुप्ता आदि थे।