हास्य कलाकार अन्नू अवस्थी के चुटीले अंदाज और तंज पर मंगलवार को लाजपत भवन सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। रमेश यादव के साथ हुई लूट की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, रमेश यादव भइया बहुत ताव में हैं। बताओ, इन्हें बंधक बनाकर 50 लाख रुपये लूट ले गए। भइया सोच रहे हैं कि चाहे 51 हजार रुपये और देने पड़ें, बस वे लोग मिल जाएं, ताकि दो तमाचे मार लें। उनके इस अंदाज पर दर्शक ठहाके लगाने लगे। मौका था आनंद राजपाल और विधि राजपाल की ओर से आयोजित संगीतमय संध्या का। दीपावली के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक श्रीराम ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गायिका डिंपल भूमि ने भजन, गजल और गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, हास्य कलाकार हेमंत पांडेय ने वर्तमान परिस्थितियों और युवाओं पर व्यंग्य सुनाकर खूब तालियां बटोरीं। विश्नोई मतलब... समझ तो गए हुईयो कार्यक्रम में एमएलसी सलिल विश्नोई पहुंचे तो अन्नू अवस्थी ने चुटकी लेते हुए कहा, "विश्नोई जी आ गए हैं। आजकल बस एक ही नाम चल रहा है-विश्नोई। विश्नोई मतलब... समझ तो गए हुईयो।" उनका इशारा लॉरेंस विश्नोई की ओर था। इस पर सभागार में मौजूद लोग खिलखिला उठे। समारोह में महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक महेश त्रिवेदी, जय किशन जैकी, पूर्व विधायक अजय कपूर, रघुनंदन भदौरिया, सतीश निगम और उद्योगपति विजय कपूर समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।