रबी की बुवाई के पीक सीजन में सरसौल ब्लॉक के किसानों के सामने डीएपी खाद का संकट खड़ा हो गया है। ब्लॉक की सभी 11 सहकारी समितियों में डीएपी खाद का स्टॉक खत्म हो चुका है, जिसके चलते किसानों को निजी दुकानों से महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। सरसौल ब्लॉक में कुल 11 समितियां हैं, लेकिन सचिवों की कमी के चलते एक-एक सचिव के पास तीन-तीन समितियों का चार्ज है। बौसर, महुआगांव और डोमनपुर समिति का चार्ज सचिव राजू सिंह के पास है, जबकि महाराजपुर, प्रेमपुर और खजुहूपुर समिति राजा सिंह देख रहे हैं। इसी तरह रायपुर, बेहटा सकथ और तिरमा समिति की जिम्मेदारी सचिव विवेक दीक्षित के पास है। पाल्हेपुर और मड़िलवा समिति का चार्ज आशीष पटेल के पास है, तो रहनस समिति सचिव विनोद सिंह के जिम्मे है। इस संबंध में एडीओ कोऑपरेटिव रवि वर्मा ने बताया कि दो दिन पहले तक सभी समितियों में डीएपी उपलब्ध थी। प्रति समिति करीब 500 बोरी डीएपी आई थी, जिसका वितरण किया जा चुका है। वर्तमान में किसी भी समिति में स्टॉक नहीं है। उन्होंने बताया कि 4 से 5 दिन के अंदर दोबारा डीएपी खाद आने की उम्मीद है, जिसके बाद किसानों को वितरण किया जाएगा।