नौबस्ता के धरीपुरवा में आयोजित दशहरा मेले में हुए सिलिंडर ब्लास्ट का सीसी फुटेज गुरुवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में ब्लास्ट के बाद चारों ओर अंधेरा और लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। उधर हादसे में घायल हुए गुब्बारे विक्रेता राजू की हालत गंभीर बनी हुई है। धरीपुरवा में श्री बजरंग रामलीला कमेटी की ओर से रामलीला और रावण दहन के चलते मेले में भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। मेले में ही इलाके का राजू राजपूत बसंत विहार-यशोदानगर सड़क के बीच में निर्माणाधीन डिवाइडर के बीच में कार्बाइड गैस का सिलिंडर मिट्टी में दबाकर गुब्बारे बेच रहा था। इसी दौरान तेज धमाका हुआ था। जिसमें दो साल की बच्ची रिद्धि, उसके पिता बबलू समेत छह लोग घायल हो गए थे। राजू गंभीर रूप से घायल हुआ था। पूरी घटना एक दुकान में लगे सीसी कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो सामने आया। दो मिनट ग्यारह सेकेंड के वीडियो में तेज धमाका होने के बाद चारों ओर धुआं उठता दिखाई दे रहा है। इस दौरान लोग भागते हुए नजर आ रहे हैं। नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि वीडियो प्रकाश में आया है। गुब्बारे के सिलिंडर में ब्लास्ट हुआ था। फिलहाल अन्य कोई कारण सामने नहीं आया है।