सजेती कस्बे में मंगलवार दोपहर एंटी रोमियो टीम और मिशन शक्ति टीम ने मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के तहत एकलव्य इंटर कॉलेज में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को महिला एवं बालिका सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी तरह की परेशानी या आपात स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित हेल्पलाइन नंबर पर सूचना दें। Lकार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों के संबंध में भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने और साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की। इसके साथ ही व्हाट्सएप, एक्स (ट्विटर), फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सुरक्षित तरीके से इस्तेमाल करने के बारे में बताया गया।