क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हुई मूसलाधार बारिश और जल निकासी के लिए बने नाले के बंद होने के कारण प्राथमिक विद्यालय खरकासानी का पूरा प्रांगण और परिसर जलमग्न हो गया। शनिवार सुबह जब बच्चे और शिक्षक विद्यालय पहुंचे, तो मुख्य द्वार और परिसर में गहरे पानी के कारण अंदर प्रवेश करना असंभव हो गया। इसके चलते बच्चों को मायूस होकर बिना पढ़ाई किए ही वापस लौटना पड़ा। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत स्थित प्राथमिक विद्यालय खरकासानी वर्ष 1996 में निर्मित हुआ था। जो अत्यधिक जर्जर हो चुका था। जिसे उच्च अधिकारियों के निर्देश पर दिसंबर 2025 में ध्वस्त कर दिया गया था। वर्तमान में यहाँ लगभग 100 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं तथा 4 अध्यापक कार्यरत हैं। नया भवन न बनने के कारण स्थिति अत्यंत विकट हो चुकी है। प्रधानाध्यापक एवं ग्रामीणों ने कई बार खंड शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी व बेसिक शिक्षा अधिकारी को पत्र भेजकर दो नए कमरों के निर्माण की स्वीकृति की मांग की। लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका। लगातार हो रही बारिश से जर्जर स्थिति में बचा इकलौता कक्ष और पूरा परिसर पानी से भर चुका है।