औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस चौकी के समीप मंगलवार सुबह केमिकल से थिनर बनाने वाली फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। कंपनी से उठती आग की ऊंची लपटें और धुएं के गुबार दूर तक दिखाई दिए। आग की तीव्रता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने अग्निशमन विभाग को तत्काल घटना की जानकारी दी। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे के भीतर आधा दर्जन दमकल वाहन मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुट गए। मौके पर पुलिस बल और दमकल कर्मी लगातार स्थिति को नियंत्रित करने में लगे हैं। कंपनी में मौजूद मजदूरों को पुलिस और दमकल कर्मियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सीओ मुनीश चंद्र ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की पुलिस चौकी के पास बी-12 भूखंड संख्या में केमिकल से थिनर बनाने वाली कंपनी संचालित है। मंगलवार सुबह इसमें अज्ञात कारणों से आग लगी है।