हापुड़ शहर के प्रतिष्ठितों के बीच हुए अग्रवाल महासभा के चुनाव में रविवार को दिनभर गहमा-गहमी का माहौल रहा। मतदान के दौरान समर्थकों और एजेंटों में कई बार नोकझोंक हुई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शांत कराया। चुनाव में कुल 5837 में से 4523 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 77.48 प्रतिशत मतदान में युवाओं, महिलाओं की भागीदारी बहुत अधिक नजर आई। इससे दस पदों पर 20 और 21 सदस्यों पर 42 उम्मीदवारों की किस्मत मत पेटियों में कैद हुई। वहीं, मतदान केंद्र के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। समर्थकों की भीड़ और वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण मेरठ रोड पर पूरे दिन जाम लगा। इस कारण हजारों राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।