विनोद साहनी हत्याकांड को लेकर शुक्रवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद कलेक्ट्रेट घेराव के लिए लखनऊ से गोंडा के लिए रवाना हो चुके हैं। उनके गोंडा पहुंचने की सूचना के बाद पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। गोंडा बॉर्डर से कुछ दूरी पर स्थित करनैलगंज चौराहे पर डॉ. संजय निषाद को रोकने के लिए भारी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात की गई है। एडिशनल एसपी, सीओ समेत कई थानों की पुलिस को लगाया गया है। चौराहे पर बैरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा गोंडा सर्किट हाउस, कलेक्ट्रेट और पुलिस कार्यालय के आसपास भी भारी संख्या में फोर्स तैनात की गई है। निषाद समाज समेत विभिन्न समाजों के नेताओं के गोंडा पहुंचने की सूचना को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। सोशल मीडिया की गतिविधियों की भी निगरानी की जा रही है। अंतिम संस्कार को लेकर प्रशासन और परिजनों में बातचीत उधर, मृतक विनोद साहनी के घर पर शुक्रवार सुबह सात बजे से ही बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं। परसपुर, तरबगंज, नवाबगंज समेत कई थानों की पुलिस फोर्स को गांव में तैनात किया गया है। करनैलगंज से मृतक के घर जाने वाले रास्तों पर जगह-जगह पुलिस बल तैनात करने के साथ बैरिकेडिंग की गई है। पूर्व मंत्री एवं करनैलगंज के पूर्व विधायक योगेश प्रताप सिंह भी बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ मौके पर मौजूद हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के कई सदस्य बार-बार रोते-रोते बेहोश हो जा रहे हैं। योगेश प्रताप सिंह और जिला प्रशासन के अधिकारी परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं और कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया जा रहा है।