फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: किसान बंधु की बैठक में फूटा किसानों का गुस्सा, बोले- शिकायतें सुनने तक सीमित हैं अधिकारी

गोंडा। विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान बंधु की बैठक में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। चकबंदी में जमीन की गड़बड़ी, महीनों से खराब नलकूप, बिसुही नदी की सफाई में लापरवाही, छुट्टा गोवंश और पेयजल जैसी समस्याओं पर किसानों ने अधिकारियों को घेरा। किसानों ने आरोप लगाया कि किसान दिवस और किसान बंधु की बैठकों में शिकायतें तो सुनी जाती हैं, लेकिन उनका समाधान नहीं होता। इस पर सीडीओ दयानंद प्रसाद ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हलधरमऊ के राजपुर निवासी सतेंद्र कुमार दूबे ने चकबंदी में जमीन के गलत अंकन का मामला उठाया। उन्होंने बताया कि उनका गांव चकबंदी प्रक्रिया में है। उनकी कुछ जमीन सुमेरपुर में भी है। आरोप है कि एक बीघा जमीन के बैनामेदार को छह बीघा जमीन दे दी गई। फार्मर रजिस्ट्री के दौरान इसकी जानकारी हुई। 15 जनवरी 2025 से लगातार किसान दिवस के चक्कर काट रहे हैं। अधिकारियों ने गलती स्वीकार भी की, लेकिन कई प्रार्थना पत्र देने के बावजूद सुधार नहीं हुआ। अब समस्या के समाधान के बजाय न्यायालय जाने की बात कही जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन डीएम के निर्देश के बाद भी अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। नलकूप विभाग के अधिकारियों ने जिले के 651 नलकूपों से सिंचाई की सुविधा देने का दावा किया। साथ ही बताया कि तीन नलकूप बिजली और 15 यांत्रिक खराबी के कारण बंद हैं। इस पर कृषि उपनिदेशक संतोष द्विवेदी और जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने नाराजगी जताई। किसान शुक्ला प्रसाद शुक्ला ने कहा कि उनके गांव में ही चार महीने से नलकूप खराब पड़ा है। ऐसे में विभाग का दावा हकीकत से दूर है। मुजेहना के डुडाव निवासी उदय प्रताप वर्मा ने चिकनी तालाब से बेरास तक बिसुही नदी की सफाई के नाम पर लाखों रुपये निकालने का आरोप लगाया। कहा कि सफाई नहीं होने से करीब पांच हजार बीघा खेतों में पानी भरा है। धान की फसल खेतों में पड़ी है और कटाई नहीं हो पा रही है। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। उन्होंने सीडीओ से कार्रवाई की मांग की। किसानों ने बहराइच-गोंडा मार्ग पर छुट्टा गोवंश का मुद्दा उठाते हुए कहा कि उन्हें संरक्षित करने की मांग महीनों से की जा रही है। इसके बावजूद समस्या बनी हुई है और तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जलनिगम के अधिकारियों को भी किसानों ने घेरा। कहा कि शिकायतकर्ता के घर पानी नहीं पहुंच रहा, जबकि विभाग बाकी जगहों पर पानी पहुंचाने का दावा कर रहा है। इस तरह के जवाब देकर जिम्मेदारी से बचा नहीं जा सकता। भाकियू के जिलाध्यक्ष वंशराज वर्मा ने कहा कि किसान बंधु की बैठक में उच्चाधिकारियों को शामिल होना चाहिए, ताकि किसानों की समस्याओं का गंभीरता से समाधान हो सके। यदि ऐसा नहीं हो सकता तो बैठक के नाम पर हो रही खानापूर्ति बंद की जाए। शिव कुमार दूबे ने बहलोलपुर में सहकारी क्रय केंद्र बंद किए जाने का मुद्दा उठाया। कहा कि किसानों को इसकी जानकारी तक नहीं दी गई। इसके अलावा बिजली, पानी समेत अन्य समस्याओं पर भी किसानों ने नाराजगी जताई। सीडीओ दयानंद प्रसाद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों की शिकायतों का गंभीरता से निस्तारण करें। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में सीवीओ डॉ. शशि कुमार शर्मा, डिप्टी आरएमओ एनके पाठक, एलडीएम विनोद कुमार तिवारी, डीपीआरओ जीडी जैन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें