आंधी-बारिश के बाद जिले में रविवार को भी बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। बिजली के अभाव में सीएनजी पंपों पर आपूर्ति ठप रही और बैंकों में लेन-देन प्रभावित हुआ। वाहन चालक घंटों तक सीएनजी के लिए कतार में खड़े रहे। कई चालकों को तीन दिन से सीएनजी नहीं मिल पाई थी। आरबीआई के निर्देश पर खुले बैंकों में भी बिजली संकट से काम-काज ठप रहा। इंडियन बैंक पहुंचे सर्वादीन को बिजली न होने का हवाला देकर रुपये नहीं दिए गए। बैंक प्रबंधक नगेंद्र चौधरी ने बताया कि बिजली विभाग को सूचना के बावजूद कर्मी नहीं पहुंचे। अधिशासी अभियंता राम मोहन पांडेय ने कहा कि आंधी-बारिश से शहर में भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि टीमें लगाकर प्राथमिकता से लाइनें दुरुस्त की जा रही हैं।