गोंडा में कजरी तीज पर रविवार को सरयू घाट कांवड़ियों से पट गया। सुबह से ही बड़ी संख्या में कांवड़िये सरयू में स्नान कर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए जल भरते नजर आए। बोल बम के जयकारों से घाट और आसपास का इलाका गूंजता रहा। जल लेकर कांवड़िये खरगूपुर के पृथ्वीनाथ मंदिर, करनैलगंज के बरखंडीनाथ मंदिर और शहर के दुखहरण नाथ मंदिर के लिए रवाना हुए। देर रात मंदिरों में जलाभिषेक किया जाएगा। कजरी तीज पर लाखों श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन और पुलिस अधीक्षक अभिषेक ने शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग कर ड्यूटी के संबंध में दिशा-निर्देश दिए। डीएम स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। सुरक्षा व्यवस्था में पांच अपर पुलिस अधीक्षक, 16 पुलिस उपाधीक्षक और 51 प्रभारी निरीक्षक, निरीक्षक व थानाध्यक्ष समेत पर्याप्त पुलिस बल लगाया गया है। इसके अलावा पीएसी, डायल-112 की पीआरवी, जल पुलिस, गोताखोर, अग्निशमन दल, डॉग स्क्वायड, फील्ड यूनिट और स्वाट टीम तैनात की गई है। तीन क्यूआरटी भी गठित की गई हैं। श्रद्धालुओं की भीड़ और महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए चार एंटी रोमियो टीम सादे कपड़ों में भ्रमणशील रहेंगी। चेन स्नेचिंग और छेड़खानी रोकने के लिए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। घाट और मंदिर परिसर में सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है, जबकि संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी।