गोंडा: ग्रामीण बेटियों के सपने बड़े हैं, लेकिन उन्हें पूरा करने की राह में आर्थिक तंगी, सामाजिक मान्यताएं और घरेलू जिम्मेदारियां बाधा बन रही हैं। कहीं अभिभावकों का सीमित सहयोग तो कहीं सुरक्षा की चिंता उनके शिक्षा और कॅरिअर के फैसलों को प्रभावित कर रही है। ग्रामीण बालिकाओं की इन चुनौतियों को सामने लाने के लिए तैयार शोध रिपोर्ट में उनकी शैक्षणिक और कॅरिअर यात्रा से जुड़े विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया गया है। शनिवार को टाउनहॉल में 'ग्रामीण बालिकाओं की शैक्षणिक एवं कॅरिअर यात्रा में आने वाली चुनौतियों का अध्ययन' रिपोर्ट का लोकार्पण किया गया। द यूथ इंक और सफल इंडिया फाउंडेशन के सहयोग से तैयार इस रिपोर्ट का लोकार्पण जिले की प्रमुख शिक्षिकाओं ने किया। अध्ययन में परिवार की आर्थिक स्थिति, अभिभावकों की सोच और सहयोग, सामाजिक एवं पारिवारिक मान्यताओं, लैंगिक असमानता, घरेलू जिम्मेदारियों, सुरक्षा, कॅरिअर मार्गदर्शन तथा शिक्षा और रोजगार के अवसरों को प्रमुखता से शामिल किया गया है। द यूथ इंक के संस्थापक और गोंडा निवासी पुष्कर पांडेय ने बताया कि शोध का उद्देश्य उन परिस्थितियों को समझना है, जो ग्रामीण बालिकाओं की आकांक्षाओं और भविष्य के फैसलों को प्रभावित करती हैं। कई बार प्रतिभा और आगे बढ़ने की इच्छा होने के बावजूद सामाजिक और पारिवारिक परिस्थितियां उनके रास्ते में चुनौती बनती हैं। रिपोर्ट के जरिये इन पहलुओं को सामने लाने का प्रयास किया गया है। प्रोग्राम लीडर दिशा शर्मा ने शोध की प्रक्रिया और रिपोर्ट की विषयवस्तु पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ग्रामीण बालिकाओं के लिए शिक्षा और कॅरिअर के समान एवं सुलभ अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है। कार्यक्रम में शोध से जुड़े निष्कर्षों पर भी चर्चा हुई। इस दौरान रिसर्च इंटर्न आकृति सिंह, नयन श्रीवास्तव और गौसिया सुल्ताना को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर जीजीआईसी की प्रधानाचार्य अमिता पांडेय, सरयू प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्य गिरिजा मिश्रा, वरिष्ठ शिक्षिका प्रतिभा त्रिपाठी, नारी ज्ञानस्थली महाविद्यालय से नीलम छाबड़ा, सीमा श्रीवास्तव और रंजना बंधु मौजूद रहीं। जीआईसी के प्रधानाचार्य सुधीर पांडेय, जिला समन्वयक समेकित शिक्षा राजेश सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय संगठन सचिव अर्जुन सिंह, जिला मंत्री उमाशंकर सिंह, बेलसर इकाई अध्यक्ष राजिंदर सिंह, तरबगंज इकाई अध्यक्ष बलवंत सिंह और बेलसर इकाई मंत्री श्याम नारायण पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विपिन साहू, गोपाल मिश्रा, अमृत तिवारी, अखिल, शोभित और सत्यम ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।