अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के साथ ब्राह्मण रक्षा दल एवं अखिल भारतीय सवर्ण मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कासिमाबाद में पैदल मार्च कर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। साथ राष्ट्रपति के नाम संबोधित मांग पत्र उप जिलाधिकारी संजय कुमार कुशवाहा को देकर यूजीसी को काला कानून बताकर वापस करने की मांग किया। सभी संगठनों ने आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की भी मांग किया। वक्ताओं ने यूजीसी कानून को काला कानून बता कर इसे देश और राष्ट्र विरोधी बताया। इस कानून के खिलाफ प्रतिरोध जताते हुए इसे केंद्र सरकार से शीघ्र वापस लेने की मांग करते हुए अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा युवा के जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह ने कहा कि यूजीसी कानून से संबंधित अधिसूचना भारत के संविधान में प्रदत्त समानता के मूल अधिकार की भावना के अनुरूप नहीं है । भारत का संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार प्रदान करता है, किंतु यह अधिसूचना समानता की समग्र अवधारणा को स्थापित करने में केवल एससी एसटी एवं ओबीसी वर्ग के छात्रों के अधिकारों पर केंद्रित है । जबकि सामान्य वर्ग के छात्रों के अधिकारों एवं संवैधानिक संरक्षण को पूर्णतया नजर अंदाज करती है। ब्राह्मण रक्षा दल संरक्षक प्रेम शंकर मिश्रा ने कहा कि यह कानून पूरी तरह से वापस होना चाहिए। इस मौके पर भूपेंद्र सिंह, पंकज सिंह, हर्ष नारायण सिंह, हरि नारायण सिंह, छांगुर राजभर आदि मौजूद रहे।