सूर्य उपासना के पर्व डाला छठ पर आकाश की धुंध में अस्ताचल भगवान भास्कर को रविवार की शाम गाय के दूध और गंगा जल से पहला अर्घ्य दिया गया। इसको लेकर शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र के सभी गंगा घाटों, पोखरों, नहरों एवं तालाबों पर श्रद्धालु महिलाओं की भीड़ उमड़ी। व्रती महिलाओं ने मां गंगा की गोद में खड़े होकर सूर्यदेव की आराधना की। वहीं, श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को प्रथम अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना। छठ गीत देर शाम तक घाटों-सरोवरों पर गूंजते रहे। इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। सुरक्षा के मद्देनजर घाटों-पोखरों के पास उचित प्रबंध किए गए थे।