हादसे के बाद मंगलवार को घटनास्थल पर प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के नेताओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लखनऊ से गैस एजेंसी की जांच टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। बिंदकी विधायक जयकुमार जैकी, एसडीएम बिंदकी निशांत तिवारी और तहसीलदार धीरज त्रिपाठी दोपहर 12:45 बजे घटनास्थल पहुंचे। कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति देखी। प्रभारी मंत्री अजीत पाल ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की चेक प्रदान की। मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी नगर, जहानाबाद विधायक राजेंद्र पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।