एटा के अलीगंज में दुकान बंद कर बृहस्पतिवार की शाम भतीजे के साथ घर लौट रहे सराफा को किनौड़ी कट के पास अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर लूट लिया। बदमाशों ने पहले मोटरसाइकिल में टक्कर मारकर चाचा-भतीजे को गिरा दिया। इसके बाद तमंचा दिखाकर आभूषण और नकदी से भरा बैग छीनकर भाग गए। सराफा का दावा है कि बैग में करीब 10 किलो चांदी, 250 ग्राम सोने के जेवरात और एक लाख रुपये की नकदी रखी थी। उसने पास के ही गांव के युवक पर लूट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।थाना अलीगंज क्षेत्र के पुराहार निवासी संजय यादव की अलीगंज कस्बे के मेवाती मोहल्ले में मस्जिद के पास मां सरस्वती ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। कारोबारी के मुताबिक वह दुकान बंद करके अपने भतीजे विकास के साथ घर जा रहे थे। विकास बाइक चला रहा था। इसी दौरान किनौड़ी कट के समीप पीछे से अपाचे बाइक पर तीन बदमाश आए। बदमाशों ने कट मारा, जिससे संजय की बाइक गिर गई। आरोप है कि बाइक गिरते ही बदमाशों ने उनका बैग छीनने का प्रयास किया। उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाया तो एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। बदमाश बैग लूटकर भाग गए। पीड़ित के अनुसार बैग में करीब 10 किलो चांदी, 250 ग्राम सोना और एक लाख रुपये नकद रखे थे। इतनी बड़ी मात्रा में सोने-चांदी और नकदी से भरा बैग छीने जाने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सीओ राजेश कुमार ने पुलिस बल के साथ मौका मुआयना किया। वारदात से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई। पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुट गई हैं।