चंदौली जिले के पड़ाव चौराहे से गोधना मोड़ तक बन रहे सिक्स व फोरलेन योजना में गुरुद्वारे के कुछ पहले तक सिक्स लेन का निर्माण किया जा रहा है। कैलाशपुरी मोड़ के समीप अतिक्रमण होने की वजह से लेन कम चौड़ी बनाई गई थी। मोड़ से अतिक्रमण हटाने के बाद मंगलवार से सड़क चौड़ीकरण को लेकर गड्ढे की खोदाई आरंभ कर दी गई है। फोरलेन के कुछ हिस्से का निर्माण अतिक्रमण के कारण रुका पड़ा था। जिला प्रशासन की सहायता से पीडब्ल्यूडी ने पिछले दिनों अतिक्रमण हटवा दिया है। इसके बाद कार्यदायी संस्था ने लेन चौड़ी करने का कार्य आरंभ कर दिया है। लेन बनने के बाद सर्विस रोड का निर्माण किया जाएगा। लेन की चौड़ाई पूरी करने के लिए करीब तीन फीट गड्ढा खोदा जा रहा है। वर्तमान में 25 मीटर के करीब गड्ढा खोदा गया है। इसके बाद आगे गड्ढे की खोदाई कर निर्माण पूरा किया जाएगा। इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एक्सीएन राजेश कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्था को शीघ्र लेन का निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।