चंदौली जिले के टांडाकला के सरस्वती इंटर कॉलेज टांडा में बृहस्पतिवा को आयोजित जनपदीय विद्यालयीय खो-खो प्रतियोगिता में परिषदीय विद्यालयों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते बालक और बालिका दोनों वर्गों में माध्यमिक को परास्त किया। नियामताबाद विकास खंड के कटरियां पूर्व माध्यमिक विद्यालय की बालक और बालिका दोनों टीमों ने अपने-अपने वर्ग में विजेता होने का गौरव हासिल किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन से बेसिक शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है। अंडर-14 बालक वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय कटरिया की टीम ने सरस्वती इंटर कॉलेज टांडा और जनता इंटर कॉलेज टांडा की टीमों को पराजित कर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बालिका वर्ग में भी कटरिया की टीम ने जनता इंटर कॉलेज कांटा और सरस्वती इंटर कॉलेज टांडा की टीमों को शिकस्त देकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। दोनों टीमों के मेंटर सत्यप्रकाश रहे। बीएसए सचिन कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। खिलाड़ियों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए विभाग स्तर से भी मदद की जाएगी। जिला व्यायाम शिक्षक विवेकानंद दुबे ने बताया कि विजेता बालक और बालिका टीमें छह अक्तूबर को सरस्वती इंटर कॉलेज टांडा में होने वाली मंडलीय विद्यालयी खो-खो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। मंडल स्तर पर विजेता रहने वाली टीमों को प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।