छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था का जायजा लेने के लिए रविवार को अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन नवीन अरोरा और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने नगर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुगलसराय थाना क्षेत्र के दामोदरदास पोखरा और अलीनगर थाना क्षेत्र के मानसरोवर पोखरा घाट पर सुरक्षा इंतजाम देखे। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सुरक्षा घेरा और कच्चे घाटों पर फिसलन रोकने के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी ली। जल में किसी भी तरह की अनहोनी रोकने के लिए एनडीआरएफ, पीएसी की फ्लड कंपनी, प्रशिक्षित गोताखोर और नावों की तैनाती की गई है। प्रमुख घाटों पर चिकित्सा शिविर, खोया-पाया केंद्र और अनाउंसमेंट सिस्टम भी स्थापित किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके। महिलाओं और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सादे कपड़ों और वर्दी में पुलिसकर्मियों की पेट्रोलिंग लगाई गई है।