बदायूं में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एसएसपी अंकिता शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता बाइक रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। विधायक महेश चंद्र गुप्ता और एसएसपी अंकिता शर्मा ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय जरा सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना, कार में सीट बेल्ट लगाना, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि यातायात नियम केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए बनाए गए हैं। यातायात माह के दौरान पुलिस की ओर से विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।