बदायूं में सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी खुली तो मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों और तीमारदारों की संख्या बढ़ती गई। बारिश के कारण जो मरीज पिछले दो दिन में अस्पताल नहीं पहुंच सके थे, वे मरीज सोमवार को इलाज कराने पहुंचे। इससे पंजीकरण काउंटर से लेकर डॉक्टर के कक्ष तक भीड़ नजर आई। लगातार बारिश और मौसम में बदलाव के कारण सर्दी-जुकाम, बुखार, खांसी, बदन दर्द और पेट संबंधी शिकायतों वाले मरीज अस्पताल पहुंचे। कई मरीजों को डॉक्टर को दिखाने के लिए अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। दोपहर तक ओपीडी में 1300 मरीज पहुंचे। जिला अस्पताल के डॉक्टर अलंकार सोलंकी ने बताया बारिश के बाद तापमान में बदलाव और मौसम में नमी के कारण वायरल संक्रमण समेत मौसमी बीमारियों के मरीज बढ़ सकते हैं। लोगों को बारिश में भीगने से बचने, साफ पानी पीने और बुखार या अन्य लक्षण होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की जरूरत है।