बिजनौर के धामपुर कोतवाली में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अंजलि त्यागी ने आरोप लगाया कि पदोन्नति और वेतन विसंगतियां दूर करने जैसी मांगें पिछले 10 वर्षों से लंबित हैं, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही है। संघ ने 12 अक्टूबर को रक्तदान, 14 अक्टूबर को तहसील मुख्यालयों पर बाइक रैली और 17 से 23 अक्टूबर तक कार्य बहिष्कार की घोषणा की। मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी भी दी गई।