बिजनौर के धामपुर में नगीना रोड पर ग्राम चक सहजानी स्थित सौ बेड अस्पताल में शुक्रवार को भूकंप जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की गई। एसडीआरएफ, फायर, पुलिस, आपदा प्रबंधन, राजस्व, तहसील प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान का पूर्वाभ्यास किया। भूकंप आने की स्थिति का अभ्यास करते हुए अस्पताल में इमरजेंसी सायरन बजाया गया। सायरन बजते ही अस्पताल प्रबंधन अलर्ट मोड पर आ गया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन विभाग, पुलिस और प्रशासन को दी गई। मरीजों को सुरक्षित निकालकर रिलीफ कैंप पहुंचाया ड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। अस्पताल में भर्ती मरीजों को सुरक्षित बाहर निकालकर रिलीफ कैंप तक पहुंचाने का अभ्यास किया गया। इस दौरान आपदा के समय विभागों के बीच समन्वय और उपलब्ध संसाधनों के इस्तेमाल की प्रक्रिया भी परखी गई। एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों ने समझी बचाव प्रक्रिया मॉक ड्रिल में एनसीसी कैडेट्स ने भी बचाव कार्यों में सहभागिता की। वहीं, कई स्कूलों के बच्चे भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य किस तरह किए जाते हैं, इसे करीब से समझने का प्रयास किया। एसडीएम ने संसाधनों के बेहतर उपयोग के दिए निर्देश मॉक ड्रिल के दौरान उप जिलाधिकारी नितिन कुमार भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने विभिन्न विभागों की टीमों को आपदा के समय उपलब्ध संसाधनों का कुशलतम उपयोग करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।