बिजनौर के स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर किशना स्थित भूड़वाले आश्रम करुणा निधान देवता पर जबरन कब्जे की कोशिश का आरोप लगा है। आश्रम के महंत नागा बाबा केसरी दास महाराज ने उप जिलाधिकारी धामपुर प्रिंस कुमार को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। महंत के अनुसार, आश्रम का निर्माण करीब ढाई दशक पहले कराया गया था। यह लंबे समय से धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। आरोप है कि गांव के कुछ लोग आश्रम पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। मना करने के बावजूद वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। करीब 73 वर्षीय महंत पंच झाड़िया निर्मोही अनी अखाड़ा, वृंदावन से जुड़े हैं। उन्होंने प्रशासन से आश्रम की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वह एसडीएम कार्यालय के बाहर आंदोलन करेंगे। एसडीएम प्रिंस कुमार ने मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।