बरेली के शीशगढ़ में भैया दूज का त्योहार मनाकर टेंपो से घर लौट रही महिला के बैग से सोने-चांदी के आभूषण और 30 हजार रुपये की नकदी चोरी हो गई। महिला ने टेंपो चालक और उसमें सवार चार संदिग्ध लोगों पर चोरी की आशंका जताते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने जांच शुरू र दी है। रामपुर के थाना खजुरिया क्षेत्र के गांव बहादुरगंज निवासी उर्मिला बताया कि वह बृहस्पतिवार दोपहर शाही क्षेत्र के मिर्जापुर चौराहे से शीशगढ़ आने के लिए टेंपो में बैठी थीं। चालक ने उनका बैग टेंपो की छत पर रख दिया। रास्ते में सहोड़ा से चार अन्य लोग टेंपो में सवार हुए, जिन्हें चालक ने गांव बुची के पास उतार दिया। शीशगढ़ पहुंचने पर महिला ने बैग फटा और खुला देखा। पूछताछ करने पर चालक बिना किराया लिए टेंपो लेकर फरार हो गया। महिला ने थाने में शिकायत की। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर चालक की तलाश कर रही है। सीओ बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।