नेपाल के बैराजों से पानी छोड़े जाने और लगातार हो रही बारिश से सरयू नदी एक बार फिर उफना गई है। रामनगर के हेतमापुर गांव में पिछले करीब 15 दिन से जारी कटान में नदी के मुहाने पर बनी मस्जिद का बड़ा हिस्सा नदी में समा चुका है। अब सदियों पुराने आस्था केंद्र बाबा नारायण दास धाम पर भी संकट मंडरा रहा है। तेजी से हो रही कटान मंदिर की सीमा तक पहुंच गई है। करीब 15 दिन पहले भी जब कटान तेज हुई थी, तब बाबा नारायण दास धाम को बचाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए थे। इसके बाद सिंचाई विभाग के प्रमुख अभियंता और जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। अब दोबारा कटान तेज होने पर पूरा प्रशासनिक अमला हेतमापुर में डटा है। नदी लगातार धाम की ओर जमीन काट रही है। ग्रामीणों में धाम को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौके पर कटान की स्थिति पर नजर रख रहे हैं और बचाव के उपाय किए जा रहे हैं। एडीएम निरंकार सिंह ने बताया कि वह मौके पर हैं और कटान रोकने के प्रयास किया जा रहे हैं।