बलरामपुर: नगर का सैकड़ों वर्ष पुराना झारखंडी सरोवर अब सनातन संस्कृति और हिंदू आस्था के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। झारखंडी मंदिर से जुड़े इस प्राचीन सरोवर को धार्मिक स्वरूप देने के लिए नगर पालिका परिषद की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं। सरोवर परिसर में कलश और मंदिर के मुख्य द्वार पर त्रिशूल स्थापित कर दिया गया है। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने बताया कि लंबे समय तक उपेक्षा के कारण प्राचीन सरोवर की स्थिति बेहद खराब हो गई थी। इसका पानी इतना दूषित था कि उसमें उतरना भी स्वास्थ्य के लिए खतरे से खाली नहीं था। अब सरोवर को स्वच्छ और धार्मिक महत्व के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योजना है कि झारखंडी मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालु सरोवर के पवित्र जल को लेकर भगवान महादेव का जलाभिषेक कर सकें। इसके लिए धार्मिक प्रतीकों की स्थापना की जा रही है। सरोवर में कलश और मुख्य द्वार पर त्रिशूल स्थापित किया जा चुका है। आगामी दिनों में यहां बजरंगबली की गदा और धनुष-बाण भी स्थापित किए जाएंगे। आने वाले दिनों में यहां लेजर शो एवं बोटिंग की व्यवस्था भी की जाएगी। इससे सरोवर को धार्मिक पहचान मिलने के साथ श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने का प्रयास है।