यूपी में बहराइच के फखरपुर में दुकान जा रहे बाइक सवार तीन युवकों को हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सोमवार सुबह टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस उन्हें मेडिकल कॉलेज ले गई। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीनों मृतक आपस में रिश्तेदार थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रिसिया थाना के जमाल टेपरा गांव निवासी रामकिशुन (18), मुकेश (23) और रामू (25) एक ही बाइक से घर से निकले थे। रामू के भाई रमेश ने बताया कि तीनों फखरपुर में संचालित साइकिल की दुकान जा रहे थे। गांव के चौपाल सागर के पास हाईवे पर उनकी बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हाईवे चौकी प्रभारी हेमंत सिंह ने दो घायलों को एंबुलेंस और एक को ऑटो से मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. राजेश सोनकर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग रोते-बिलखते अस्पताल पहुंचे। बाइक सवार तीनों युवक हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। एएसपी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि थानाध्यक्ष दिवाकर तिवारी मामले की जांच कर रहे हैं। दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाश की जा रही है।