आजमगढ़ जिले में बरदह थाना क्षेत्र के केदलीपुर ठेकमा स्थित किसलय सेवा सदन में रविवार देर शाम इलाज के दौरान 42 वर्षीय माधुरी देवी की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। माधुरी देवी पत्नी विनोद गंभीरपुर थाना क्षेत्र के सिंघड़ा गांव की निवासिनी थीं और कई दिनों से बुखार व कम प्लेटलेट्स से पीड़ित थीं। रविवार को उन्हें किसलय सेवा सदन में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सक संदीप मौर्य की देखरेख में उपचार शुरू हुआ। परिजनों का आरोप है कि बोतल चढ़ाने के दौरान माधुरी की हालत अचानक बिगड़ गई और उनके मुंह से झाग आने लगा। इसके बाद चिकित्सक ने उन्हें हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन अस्पताल पहुंचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और परिजनों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।