अयोध्या के तारुन क्षेत्र के आगागंज टिकरी स्थित राजू इंटर कॉलेज के मैदान में यम द्वितीया के पावन पर्व पर मंगलवार को स्व. बाबू अभिमन्यु सिंह स्मारक दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल एवं मेले का शुभारंभ हुआ। पहले दिन देश-विदेश से आए पहलवानों के बीच एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले हुए। दंगल का उद्घाटन मुख्य अतिथि गोसाईगंज विधायक अभय सिंह ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर कराया। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय प्रताप सिंह और भूमि विकास चेयरमैन संजय सिंह राजू मौजूद रहे। दंगल का सबसे आकर्षक मुकाबला अयोध्या के अंतरराष्ट्रीय पहलवान बाबा रविशंकर दास और पंजाब के हरविंदर सिंह तोमर के बीच 70 हजार रुपये की इनामी कुश्ती रही। दोनों पहलवानों के बीच काफी देर तक जोर आजमाइश हुई। आखिरकार बाबा रविशंकर दास ने हरविंदर सिंह तोमर को चित कर मुकाबला अपने नाम कर लिया। वहीं, नई दिल्ली के बाबर पठान ने राजस्थान के टाइगर राणा को हराया। नेपाल के पंडित थापा ने देवा बनारस, ग्वालियर के छोटू पहलवान ने उत्तराखंड के राजा कुरैशी और हरिद्वार के प्रदीप शास्त्री ने गंगानगर के तूफान पहलवान को शिकस्त दी। हरिद्वार के मनसब ने सोनू हरियाणा को हराया। जम्मू-कश्मीर के कादिर गनी और ग्वालियर के शमशेर के बीच मुकाबला बराबरी पर छूटा। कलियर शरीफ के फकीर बाबा ने कुरुक्षेत्र के बट्टू को चित किया। दंगल में मुन्ना टाइगर पटना और अजमेरी पहलवान अजमेर के बीच भी रोमांचक मुकाबला हुआ। आयोजन में पूर्व प्रधान धीरेन्द्र कुमार सिंह, प्रधानाचार्य सत्येंद्र कुमार सिंह, मनोज सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संचालन उत्तम त्रिपाठी ने किया।