अयोध्या के रूदौली तहसील क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को लेकर कामाख्या धाम स्थित गोमती नदी के घाट पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रेछघाट स्थित गोमती नदी के विसर्जन स्थल तक जाने वाला मार्ग ठीक न होने के कारण इस बार कामाख्या धाम में ही प्रतिमाओं का विसर्जन होने की संभावना जताई जा रही है। नगर पंचायत अध्यक्ष शीतला प्रसाद शुक्ला ने अमर उजाला की टीम से बातचीत में बताया कि विसर्जन को लेकर घाटों की साफ-सफाई कराने के लिए सफाईकर्मियों को निर्देश दिए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने को भी कहा गया है। उन्होंने बताया कि रेछघाट जाने वाले मार्ग की स्थिति ठीक नहीं होने के कारण कामाख्या धाम में ही विसर्जन होने की संभावना है। हालांकि, विसर्जन स्थल को लेकर अंतिम व्यवस्था के अनुसार तैयारियां की जाएंगी। उन्होंने बताया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके। नगर पंचायत प्रशासन घाटों पर साफ-सफाई और रोशनी सहित जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने में जुटा है।