अयोध्या: अयोध्या में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान के तहत शनिवार को बीकापुर और गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए गए। शिविरों में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आवेदन पत्र भरे गए। साथ ही मृतक मतदाताओं के नाम हटाने और मतदाता सूची में संशोधन के लिए भी आवेदन लिए गए। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने शनिवार दोपहर गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के मजरुद्दीनपुर स्थित केकेएडी इंटर कॉलेज में स्थापित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ संख्या 22, 23 और 24 पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की जानकारी ली। डीएम ने बीएलओ को निर्देश दिया कि पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए उन्हें जागरूक करें और अभियान में पारदर्शिता के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि सहायक निर्वाचन अधिकारी, बीएलओ और निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारी-कर्मचारी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति मताधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान बीकापुर तहसीलदार विजय कुमार शुक्ला और लेखपाल रोहित मिश्रा सहित संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।