अयोध्या: अयोध्या में मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने और दर्ज विवरणों में संशोधन कराने के लिए शनिवार को रुदौली विधानसभा क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं और नवविवाहित महिलाओं में उत्साह दिखाई दिया। उपजिलाधिकारी विनोद गुप्ता ने भेलसर स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर अभियान की प्रगति और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान बूथ पर बीएलओ अनीता श्रीवास्तव, जुगुल श्रीवास्तव, नीता जायसवाल और रामअवध मौजूद मिले। यहां नए मतदाताओं ने नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किए। इसी क्रम में रामबाड़ी बूथ पर बीएलओ पारसनाथ, शुभम गुप्ता, उवेद उल्ला, शुभम श्रीवास्तव और सूरज पांडेय उपस्थित मिले। यहां भी लोगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया। एसडीएम विनोद गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, पता और अन्य विवरणों में गलतियों को भी दुरुस्त कराया जाएगा। अभियान के लिए विधानसभा क्षेत्र में बीएलओ और सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि रविवार से बीएलओ घर-घर जाकर पात्र नागरिकों से संपर्क करेंगे और मतदाता सूची में नाम शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी कराएंगे। अभियान का अगला विशेष दिवस 24 अक्टूबर को आयोजित होगा। पात्र नागरिक अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर बीएलओ के माध्यम से नाम जुड़वाने और विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं।