रामनगरी अयोध्या के विकास कार्यों की कड़ी में फतेहगंज जीआईसी ओवरब्रिज के नीचे खाली पड़ी जगह को अब पार्क और पार्किंग के रूप में विकसित किया जाएगा। राज्य स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत यहां 2.61 करोड़ रुपये की लागत से सुंदरीकरण कार्य कराया जाएगा। परियोजना का शिलान्यास गुरुवार को महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार के साथ वैदिक रीति-रिवाज से नारियल फोड़कर किया। परियोजना के तहत ओवरब्रिज के नीचे पार्क, फुटपाथ और अन्य नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इसके साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए भी पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा। प्रस्तावित पार्किंग में करीब 100 कार और 152 बाइक खड़ी की जा सकेंगी। इससे आसपास के क्षेत्र में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से खड़े होने वाले वाहनों की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। परियोजना की खास बात यह होगी कि यहां बच्चों और युवाओं के लिए खेल सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। पार्क को मिनी स्टेडियम के स्वरूप में विकसित करते हुए क्रिकेट नेट प्रैक्टिस एरिया बनाया जाएगा।