अयोध्या में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद देवकाली स्थित आदर्श नगर कॉलोनी में जलभराव से लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। कॉलोनी निवासी सरदार अली के घर में तीन दिन से पानी भरा है। रविवार सुबह बारिश थमने के बाद परिवार पानी उलीचता नजर आया। सरदार अली ने बताया कि नाली का निर्माण न होने से बगल के तालाब का पानी घर में घुस जाता है। हर बारिश में यही स्थिति बनती है। कई बार नगर निगम और जिम्मेदार लोगों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। जर्जर हो चुके घर में परिवार पानी के बीच रहने को मजबूर है।