अयोध्या में शारदीय नवरात्रि की तैयारियां तेज हो गई हैं। रुदौली तहसील क्षेत्र में पश्चिम बंगाल से आए मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमाओं को अंतिम स्वरूप देने में जुटे हैं। यहां करीब 70 दुर्गा प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं। इन प्रतिमाओं की आपूर्ति अयोध्या, बाराबंकी और गोंडा जनपद में होने वाली दुर्गा पूजा के लिए की जाएगी। नवरात्रि की शुरुआत 11 अक्टूबर से होगी, ऐसे में प्रतिमाओं को समय से तैयार करने के लिए कारीगर दिन-रात जुटे हैं। लगातार हुई बारिश से मूर्तिकारों को प्रतिमाओं के निर्माण, सुखाने और रंग-रोगन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण काम प्रभावित हुआ, लेकिन अब मौसम साफ होने के साथ तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मूर्तिकार हरपन दास ने बताया कि वह पिछले करीब 15 वर्षों से रूदौली तहसील क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमाएं बना रहे हैं। नवरात्रि से करीब चार महीने पहले वह कारीगरों के साथ यहां पहुंच जाते हैं। प्रतिमा बनाने के लिए मिट्टी स्थानीय स्तर से जुटाई जाती है, जबकि सजावट का सामान कोलकाता से मंगाया जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार करीब 10 कारीगर प्रतिमाएं तैयार करने में लगे हैं। नवरात्रि समाप्त होने के बाद सभी कारीगर वापस कोलकाता लौट जाएंगे। मूर्ति निर्माण उनका पुश्तैनी काम है।