अयोध्या: अयोध्या के रुदौली में पारा पहाड़पुर गांव स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर के विकास की ग्रामीणों की मांग पर विधायक रामचंद्र यादव ने पहल की है। मनरेगा योजना के तहत बुधवार को मंदिर परिसर में सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया। मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग भी कराई गई। विधायक ने कहा कि मंदिर का भव्य कायाकल्प कराया जाएगा। 31 जुलाई को संत शिरोमणि गुरु रविदास की 665वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में विधायक रामचंद्र यादव मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मंदिर परिसर में 665 दीप प्रज्वलित किए थे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विधायक से मंदिर तक आने-जाने वाले मार्ग के निर्माण और मंदिर परिसर के विकास की मांग की थी। विधायक ने ग्रामीणों को उनकी मांग पूरी कराने का भरोसा दिया था। बुधवार को विधायक पारा पहाड़पुर स्थित गुरु रविदास मंदिर पहुंचे और ग्रामीणों से किए वादे के तहत विकास कार्य शुरू कराया। मनरेगा योजना से मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग समेत सौंदर्यीकरण का कार्य कराया गया। इससे मंदिर परिसर व्यवस्थित होने के साथ ही श्रद्धालुओं को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी। विधायक रामचंद्र यादव ने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक स्थलों का विकास प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। पारा पहाड़पुर स्थित संत शिरोमणि गुरु रविदास मंदिर का भव्य कायाकल्प कराया जाएगा। मंदिर परिसर के विकास के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अन्य जरूरी कार्य भी कराए जाएंगे। इस दौरान खंड विकास अधिकारी अखिलेश गुप्ता, भगवान दीन, प्रधान प्रतिनिधि दीपक सिंह समेत ग्रामीण मौजूद रहे।