अयोध्या: शारदीय नवरात्र का शुभारंभ रविवार से होने जा रहा है। अयोध्या में महोत्सव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले में 2700 स्थानों पर दुर्गा प्रतिमाओं की स्थापना होगी। इसके अलावा 200 से अधिक स्थानों पर रामलीलाओं का आयोजन किया जाएगा। रविवार से रामनगरी शक्ति उपासना में लीन हो जाएगी। नौ दिनों में राम भक्ति के साथ मां शक्ति की उपासना की धूम होगी। इससे पहले शनिवार को नवरात्र को लेकर दिन भर बाजारों में चहल-पहल रही। पूजन सामग्रियों की दुकानों पर भीड़ रही। साथ ही पूजा पंडालों में मूर्ति स्थापना की भी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाता रहा है। शहर में अलग-अलग थीम पर पूजा पंडाल सजाए जा रहे है। शहर के 31 स्थानों पर पहले दिन ही पंडाल खुल जाएंगे शेष अन्य पूजा पंडालों के पट सप्तमी को खुलेंगे। वहीं शहर के देवी मंदिरों में दिन भर साफ-सफाई व साज-सज्जा का क्रम चलता रहा।